सिवनी के कन्हीवाड़ा निवासी युवा पर्वतारोही जतिन बंदेवार ने अरुणाचल प्रदेश के माउंट गोरीचेन की 16,460 फीट ऊंचाई वाली ग्लेशियर चोटी का सफल आरोहण कर भारतीय तिरंगा फहराया। जिले को गौरवान्वित करने वाली इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने मंगलवार को जतिन को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जतिन के पिता श्री संतोष बंदेवार एवं माता श्रीमती शिवकुमारी बंदेवार भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने जतिन की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जतिन से उनकी पर्वतारोहण यात्रा, प्रशिक्षण तथा अभियान के दौरान आई चुनौतियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। साथ ही आगामी पर्वतारोहण अभियानों एवं कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग एवं मदद का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने कहा कि जतिन ने कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में साहस, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ यह उपलब्धि हासिल कर सिवनी जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ सिवनी जिले का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। कलेक्टर द्वारा सम्मान एवं सहयोग के आश्वासन पर जतिन और उनके माता-पिता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया।


