सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरूवार को पन्ना नगर के होमगार्ड ग्राउण्ड में नमो युवा शक्ति कार्यक्रम के तहत स्वसहायता समूह की महिलाओं और परिवार की बालिकाओं सहित विभिन्न प्रशिक्षण संस्थाओं की ग्रामीण पृष्ठभूमि की महिला प्रशिक्षणार्थियों की खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं।
महिलाओं ने रस्साकसी, जलेबी दौड़, नीबू दौड़, कुर्सी दौड़ जैसी स्पर्धाओं में भाग लेकर अपने जौहर का प्रदर्शन किया।विदित हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्म दिवस के अवसर पर ग्रामीण आजीविका मिशन पन्ना के तत्वावधान में युवाओं में उत्साह, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता व ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
नमो युवा शक्ति के तहत संगीत कार्यक्रम, लखपति दीदी संवाद, मनोरंजन व नुक्कड़ नाटक की गतिविधियां भी हुईं। इस दौरान 76 गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए। जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी इस कार्यक्रम से जुड़े और प्रधानमंत्री श्री मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ्य जीवन की कामना के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। विकसित भारत-विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रबंधक ओमप्रकाश त्रिवेदी, सुशील शर्मा, कमल श्रीवास्तव, आशिया बेगम, रोहित विश्वकर्मा, ब्लॉक प्रबंधक पन्ना विवेक मिश्रा सहित सभी स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह सहित जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, सतानंद गौतम, नोडल अधिकारी अभिजीत अग्रवाल, कलेक्टर ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, जिपं सीईओ उमराव सिंह मरावी व जिला परियोजना प्रबंधक प्रमोद शुक्ला भी उपस्थित रहे।

