चम्बल संभाग के आयुक्त श्री सुरेश कुमार ने अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर 30 सितम्बर 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर चम्बल भवन में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री सुरेश कुमार को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए चम्बल आयुक्त श्री सुरेश कुमार ने कहा कि चम्बल अंचल में सेवाकाल के दौरान उन्हें अनेक महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए और बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि उन्होंने मुरैना एवं श्योपुर जिले में अनुविभागीय अधिकारी के रूप में भी सेवाएं दी हैं और शासकीय सेवा के अंतिम चरण में चम्बल संभाग के आयुक्त के रूप में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में अनेक प्रकार की परिस्थितियां एवं चुनौतियां सामने आती हैं, जिनका प्रभावी ढंग से सामना करने में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर विश्वास बनाए रखना प्रशासनिक कार्यों के सफल संचालन के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चम्बल अंचल में सेवाकाल के दौरान प्राप्त अनुभव और यहां से जुड़ी स्मृतियां सदैव उनके लिए अविस्मरणीय रहेंगी।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने चम्बल आयुक्त श्री सुरेश कुमार को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर श्री जांगिड़ ने कहा कि शासकीय सेवा का कार्यकाल जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण होता है। सेवानिवृत्ति के पश्चात व्यक्ति को अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताने तथा पारिवारिक दायित्वों को पूर्ण करने का अवसर प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि चम्बल संभाग में श्री सुरेश कुमार के साथ कार्य करते हुए उन्हें एक वर्ष पूर्ण हुआ है। इससे पूर्व जब वे निवाड़ी कलेक्टर के रूप में पदस्थ थे, उस समय श्री सुरेश कुमार पन्ना कलेक्टर थे और उस दौरान भी दोनों अधिकारियों के बीच संपर्क बना रहा। उन्होंने कहा कि श्री सुरेश कुमार का मार्गदर्शन सदैव प्राप्त होता रहा है।

अब शासकीय दायित्वों से मुक्त होकर वे अपने परिवार को अधिक समय दे सकेंगे तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे। कलेक्टर श्री जांगिड़ ने उनके जीवन के नए चरण के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विदाई समारोह में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने श्री सुरेश कुमार के सेवाकाल के अनुभवों एवं मार्गदर्शन को स्मरण करते हुए उनके योगदान की सराहना की। अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत ने कहा कि उन्हें श्री सुरेश कुमार का मार्गदर्शन सदैव प्राप्त होता रहा है। उनके द्वारा समय-समय पर दिए गए मार्गदर्शन एवं सुझावों से प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में सहायता मिली है।

कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री बी.एस. जाटव ने आभार व्यक्त किया। समारोह में संभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री सुरेश कुमार के साथ शासकीय सेवा के दौरान रहे अपने अनुभव साझा किए तथा उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके स्वस्थ, प्रसन्न एवं सुखद जीवन की कामना की। विदाई समारोह का वातावरण आत्मीय एवं भावपूर्ण रहा। इस अवसर पर संभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।