कटनी के प्रसिद्ध “कटनी मार्बल” को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग दिलाने की दिशा में कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिले की समस्त मार्बल इकाइयों के संचालकों की बैठक सोमवार, 5 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के कार्यालय में आयोजित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि “कटनी मार्बल” के जीआई पंजीयन के लिए म.प्र. लघु उद्योग निगम द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है, जो वर्तमान में प्रक्रिया के अगले चरण में है। स्थानीय मार्बल उत्पादकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उत्पादकों के एसोसिएशन को सह-आवेदक बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए “कटनी मार्बल एसोसिएशन” का गठन कर उसे सोसायटी के रूप में पंजीकृत कराया जाएगा।

बैठक में जीआई पंजीयन की प्रक्रिया, एसोसिएशन के गठन एवं पंजीयन तथा मार्बल इकाई संचालकों की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिले के मार्बल व्यवसाय से जुड़े उत्पादकों और इकाई संचालकों की सहभागिता को इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी पहचानजीआई टैग मिलने से कटनी मार्बल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान मिलने की उम्मीद है।

साथ ही अन्य स्थानों के मार्बल की कटनी के नाम से बिक्री पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय उत्पाद को बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही निर्यात के नए अवसर भी विकसित हो सकेंगे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्‍योति सिंह ने जिले के सभी मार्बल इकाई संचालकों, व्यवसायियों एवं कारीगरों से बैठक में उपस्थित होकर जीआई पंजीयन की प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।