सेवा संकल्प अभियान 2026 अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” एवं “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम के तहत महात्मा गांधी जयंती पर मप्र जन अभियान परिषद के तत्वाधान में जिले के विभिन्न विकासखंडों में नवांकुर संस्थाओं एवं ग्रामवासियों द्वारा स्वच्छता अभियान और श्रमदान किया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों एवं मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

विकासखंड सिलवानी के आदर्श ग्राम बेगवाकला में सत्यार्थ वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं नवांकुर संस्था स्व. प्रीति शिक्षा समिति द्वारा शिव मंदिर परिसर में श्रमदान कर पॉलीथिन एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर साफ-सफाई की गई। इस अवसर पर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई गई।

इसी प्रकार विकासखंड उदयपुरा के ग्राम बोरास में नवांकुर संस्था तुंगभद्रा सेवा समिति नोनिया बरेली द्वारा मां दुर्गा मंदिर परिसर में श्रमदान किया गया। मंदिर परिसर में पड़ी पन्नी, कचरा, पुराने कपड़े एवं पानी के डिस्पोजल हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया गया। विकासखंड ओबेदुल्लागंज में नवांकुर संस्था अंबेडकर बुद्धिस्ट चौरिटेबल सोसायटी द्वारा दशहरा मैदान परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की तथा आमजन से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। संस्था सदस्यों ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।