"सेवा संकल्प अभियान" के अंतर्गत किल्लौद में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन कन्या छात्रावास परिसर में किया गया।कार्यक्रम में कुपोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं किशोर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। महिला एवं बाल विकास के परियोजना अधिकारी गोपाल मोरे ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती जसोदा मोहन सिंह, जनपद उपाध्यक्ष कुमारी वर्षा सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास के परियोजना अधिकारी गोपाल मोरे ने बताया कि स्वच्छता का संदेश देते हुए अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छ परिसर, स्वच्छ समाज एवं स्वस्थ जीवन के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।

स्वास्थ्य विभाग के उमंग काउंसलर संजय सिरसाटे ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।