प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान- 2026 के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा शासकीय महाविद्यालय दमुआ में युवा मार्गदर्शन, नशामुक्ति जागरूकता एवं पौधा रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों, बेहतर करियर अवसरों, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला छिन्दवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान परामर्शदाता सुश्री दीपा मेश्राम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे उत्पन्न होने वाली सामाजिक, आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण तथा करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक सेवा एवं रचनात्मक गतिविधियों में करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर रानी सुमन संस्था की अध्यक्ष सुश्री इशरत मंसूरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल करियर निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। वहीं श्री नीरज सलाम ने मेहनत, अनुशासन एवं स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पौधा रोपण गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सुश्री दीपा मेश्राम, सुश्री इशरत मंसूरी, श्री नीरज सलाम, सुश्री फिजा खान सहित शासकीय महाविद्यालय दमुआ के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। सेवा संकल्प अभियान- 2026 के अंतर्गत आयोजित यह गतिविधि युवाओं में नशामुक्ति, करियर जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुई।


