सेवा-संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र कुमार पाटीदार ने पॉलिटेक्निक कॉलेज, किशनपुरी स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य तथा प्रमुख सचिव वन एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र सिंह कुमार के विशेष आतिथ्य में आयोजित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, मंच व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर डॉ. भरसट ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम 17 सितम्बर को शाम 7 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज, किशनपुरी में आयोजित होगा। इसी समय जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में भी एक साथ ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिलेभर में लगभग 7 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी. एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षयसिंह मरकाम, एसडीएम झाबुआ श्री महेश मंडलोई एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


