आदिवासी अंचलों में बने होम स्टे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भा रहे हैं। छिंदवाड़ा में पर्यटकों का आवागमन बढ़ने से आदिवासी परिवारों की आर्थिक स्थिति भी बेहतर हो रही है। ग्राम को स्वच्छ रखकर सभी पर्यटन विकास में सहयोग करें। उक्ताशय के विचार सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने पर्यटन दिवस पर बीजाढाना में होम स्टे के लोकार्पण समारोह में व्यक्त किए।
इस समारोह में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि होम स्टे से आत्मनिर्भरता बढ़ रही है, रोजगार बढ़ रहा है। होम स्टे हितग्राही व ग्रामीण भी यहां आने वाले पर्यटकों से अच्छा व्यवहार सीखें और आने वाली पीढ़ी को भी अच्छी शिक्षा दें। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार, तामिया जनपद अध्यक्ष श्रीमती तुलसा परतेती ने भी विचार रखे। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित पर्यटन ग्राम बीजाढाना में रविवार को पांच होम स्टे का शुभारंभ किया गया। इन्हें मिलाकर अब जिले में 60 होम स्टे का संचालन शुरू हो गया है।
कार्यक्रम में होम परियोजना प्रभारी श्री आर.डी. सिद्दीकी, डीएटीसीसी के नोडल अधिकारी श्री बलराम राजपूत, पर्यटक प्रबंधक श्री गिरीश लालवानी, परार्थ समिति से मो. सगीर, श्री मंजरी चांदे, सतपुड़ा सेल्फ से श्री अजय खोबरे, श्री आकाश सरेआम, श्री रिज़वान कुरैशी, श्री संजय सक्सेना, श्री रोहित पोफ़ली, श्री विश्वेंद्र सिंह बैस, श्री चंदू जैन, गणमान्य जनप्रतिनिधि श्री पवन बंजारा, पंडित वतन उपाध्याय सहित जनपद सीईओ श्रीमती वर्षा झारिया, तामिया तहसीलदार श्री संजय मसराम उपस्थित थे।
लोकनृत्य और ढोल-बाजों से हुआ अतिथियों का स्वागत - पर्यटन ग्राम बीजाढाना पहुंचे अतिथि सांसद श्री विवेक बंटी साहू, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार व सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत लोक नृत्य व ढोल-बाजों के साथ किया गया। होम स्टे संचालकों ने अतिथियों को अपने होम स्टे की खासियत से अवगत कराया। सांसद श्री साहू ने पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सूर्योदय-सूर्यास्त के लिए प्रसिद्ध है बीजाढाना - मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित पर्यटन ग्राम बीजाढाना सूर्योदय व सूर्यास्त के रोमांचक नजारे और कोहरे से ढकी पहाड़ियों के लिए मशहूर है। अब तक यहां पर्यटकों के रुकने के लिए उचित व्यवस्था नहीं थी। होम स्टे बन जाने के बाद यहां पर पर्यटकों को सारी सुविधाएं मिल रहीं हैं, जिससे ग्राम में पर्यटन बढ़ा है। इस गांव में 08 होम शुरू हो गए हैं और 03 निर्माणाधीन हैं।





