कलेक्टर ने आयोजन के संबंध में अधिकारियों को सौंपे दायित्व
उमरिया 21 सितंबर - स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वाधान में 25 सितंबर से 28 सितंबर तक 14 वर्ष आयु के बालकों की राज्य स्तरीय हैंड बॉल प्रतियोगिता स्टेडियम में आयोजित होगी। जबकि 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों की 70वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 31 अक्टूबर तक संपन्न होगा। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को दायित्व सौपे है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित तैयारी बैठक मे आवास, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के निर्देश कलेक्टर व्दारा आयोजन समितियों को दिए गए।
उन्होने सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही छात्र छात्राओ को आवास स्थल से स्टेडियम तक आने जाने के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनें के निर्देश अधिकारियों को दिए। उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों के लगभग 200 प्रतिभागी एवं आफीशियल्स भाग लेंगे। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा,, एसडीएम बांधवगढ अंबिकेश प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, प्रत्युष श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


