सेवा संकल्प अभियान- 2026 के अंतर्गत विकासखंड बिछुआ में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार का संदेश दिया गया।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन तथा विकासखंड समन्वयक श्री दीपक गेडाम की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ। परामर्शदाता श्री योगेश बोपचे ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सेवा, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया।

विकासखंड समन्वयक श्री दीपक गेडाम ने अपने उद्बोधन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका दर्शन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर आधारित था। उन्होंने एकात्म मानववाद, आध्यात्मिक चिंतन और समाज सुधार के क्षेत्र में उनके योगदान की जानकारी दी तथा अंत्योदय अन्न योजना एवं पंडित दीनदयाल ग्रामीण ज्योति योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में विकासखंड के विभिन्न ग्रामों से आए समाज कार्य (बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू) के विद्यार्थियों ने अपने मैदानी कार्यों (फील्डवर्क) के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपनी नेतृत्व क्षमता का उपयोग करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण तथा शासकीय योजनाओं के प्रति शत-प्रतिशत जनजागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती सुमन कावड़े एवं श्री किशना बोसम ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। मंच संचालन श्री लक्ष्मीधर माहोरे ने तथा आभार प्रदर्शन श्री विशाल बघेले ने किया।