जिला मुख्यालय के ग्राम भडूस निवासी सुनीता साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता प्राप्त हुई। इससे वर्षों से देखा जा रहा पक्के मकान का सपना साकार हुआ है।
सुनीता ने बताया कि वे करीब 40 वर्षों से कच्चे मकान में रह रही थीं। मजदूरी कर वे परिवार का भरण-पोषण करती थीं। कच्चे मकान में रहने के दौरान बारिश सहित मौसम की अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवेदन करने के बाद पात्रता के आधार पर उन्हें योजना का लाभ मिला और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि अब उनका अपना पक्का मकान बन गया है। पक्का घर मिलने से वे और उनका परिवार काफी खुश हैं। सुनीता ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।

