शासन के निर्देशानुसार इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, इंदौर के छात्र-छात्राओं का 30 सदस्यीय अध्ययन दल प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन के क्षेत्रीय अध्ययन हेतु जिला आगर मालवा पहुँचा। दल के सदस्यों ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं जिले में क्रियान्वित की जा रही गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जिला नोडल अधिकारी डॉ.मनोज कुमार शर्मा ने अध्ययन हेतु निर्धारित प्रश्नावली, अनुसंधान पद्धति एवं फील्ड सर्वे की बारीकियों पर प्रकाश डाला। अध्ययन दल को पाँच समूहों में विभाजित किया गया है, जो आगामी पाँच दिवस तक जिले की चयनित ग्राम पंचायतों - ग्राम पंचायत सुमरा खेड़ी, कसाई देहरिया, छापरिया, गुदरावन एवं मदकोटा में फील्ड भ्रमण कर योजना के हितग्राहियों से प्रत्यक्ष संवाद कर अध्ययन करेंगे। अध्ययन उपरांत दल द्वारा विस्तृत रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत की जाएगी। बैठक में संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक एवं जिला पंचायत के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।